शर्मा जी की मय्यत
सुन रहा है ना तू,रो रहा हूँ मैं…सुन रहा है ना तू, क्यों रो रहा हूँ मैं
क्या हो गया बे, काहे रो रहा है इत्ती जोर जोर से, कौन बहरा नही सुन रहा
पापा..डोंट बी मीन.. मैं गाना गा रहा हूँ, सैड हूँ, प्राइवेसी की अपेक्षा करता हूँ
क्यों सैड़ हो भई?? फेल हो गया क्या छमाही परीक्षा में??
अरे मेरे बाप, परीक्षा से आगे भी दुनिया है...लौंडा प्यार में था ,ब्रेक अप हो गओ.. दुखी हूँ.. गाने दोगे अब??
भक्क साला, लड़की के लिये रोए पड़ा है..चल तैयार हो..मैय्यत में जाना है शर्मा जी नही रहे
हद करते हो पापा, मैं दुखी हूँ, गर्लफ्रैंड छूट गई, तुमको मैय्यतबाजी सूझ रही है
अबे छूट गई तो दूसरी पकड़ ले
ट्रेन नही छूटी है दद्दा, लड़की कह रए.. लड़की
हाँ तो लड़की दूसरी नही है क्या दुनिया में?? क्या है तेरे दिमाग में
अब अइसा है ,बाप हो वही रहो..फेसबुक ना बनो, व्हाट्स इन योर माइंड पूछने लगे कतई
देख बे, जब तैने रोना ही है तो, चल शर्मा जी के उते ही रो लियो, वहाँ तो आज रोने का ही पिरोग्राम हैगा
ना मानोगे तुम यार पापा, चलो कहाँ चलना है
बड़ा बुरा हुआ शर्मा जी नेक इंसान थे
जी जी, कभी ना किसी के लेने में ना देने में, यह आपका लड़का है??
जी ये मेरा लड़का है, बेटा अंकल को पोयम सुनाओ
पापा कॉलेज में हूँ मैं.. दुइ साल का नही हूँ..मैय्यत में आए हो.. क्या पोयम सुनाओ कर दिया मुँह उठा के
अरे माफ करना भूल जाता हूँ, हाँ भई माँ बाप के लिये बच्चें कब बड़े होते हैं..
अंकल.. शर्मा जी के लिये कुछ कहना चाहूँगा
हाँ हाँ बेटा ज़रूर
ज़िन्दगी में कोई कभी आये न रब्बा.. आये जो कोई तो फिर जाए न रब्बा.. देने हो अगर मुझे बाद में आँसू,तो पहले कोई हसाये न रब्बा
अहा क्या बात की है वाह बेटा
जी आखिर लड़का किसका है, सुअर अच्छे लगाता है दुख में
सुर कहते हैं भाई साहब
जी वो अच्छे गायक लगाते हैं, हमारा कुलदीपक सुअर ही लगाता है, जाओ बेटा, शर्मा अंकल को नमन कर लो जाके
ये मुस्कुरा क्यों रहे हैं?? मरने की इत्ती खुशी??
बेटा कॉमेडी देख रहे थे ज़ी न्यूज़ पर कि अचानक जोर से हिचकी आई और ये नही रहे
ऐसा जबर कौन याद किया यार, वैरी लीथल हिचकी..इनकी एक लड़की भी तो थी..
बेटा शी हैज़ बॉयफ्रेंड,स्कोप मत तलाशो हो गया कर लिया हो नमन तो औरों को भी करने दो
क्यो बे मिल लिया शर्मा जी से??
मुर्दे से क्या मिलना यार पापा, पता नही कहाँ बेजान पार्टी में ले आए, शर्मा जी के यहाँ लड़किया एक भी ना दिख रहीं..रूखे सूखे ही आयोजन कर दिया मैय्यत का
अबे भूतनी के, पार्टी तो ऐसे बोल रहा है जैसे, सगाई में आया है शर्मा की,गमी में भी लड़की ढूंढ रहा है निकम्मे
आपका ब्रेक अप नही हुआ ना आप नही समझोगे, लड़की छोड़ जाए तो बंदा किंडर जॉय में भी लड़की ढूँढता है
अब यह किंडर जॉय क्या है बे
चॉकलेट है अब्बू माँ कसम वो भी लड़कियों की अलग और लड़को की अलग आती है, मल्लब जेंडर डिस्क्रिमिनेशन इन चॉकलेट ऑल्सो आर यू गेटिंग माय पॉइंट फादर.. लो सुनो इसी बात पे भोत दुखी हूँ, सुन लो मना मत करना..
अबे चल आया बड़ा, आशिक की दुम .. फेसबुक पे काहे नही रोता अपना रोना, फेसबुक तो रोने के लिये ही बना है
सारा दिन उसी पर रोता हूँ, कराची के जॉन एलिया से लेकर भिंडी बाजार के गणपत मेलिया तक सबके शेर चीते बतख बटेर लिख दिये गम में, पर हाए ये ज़ालिम दुनिया, उसपर भी हँस के चली जाती है ..पप्पा……….इस टूटे दिल की पीड़ सही ना जाए ..आवो सइंया आवो सइंया ..
भाई साहब मैय्यत में यह लइका बार बार सुअर लगा रहा है, पब्लिक को फर्जी रोना रोने में दिक्कत हो रही है, शर्मा जी के रिश्तेदार कंप्लेन कर रहे हैं, एक बार और ई बेसुरा लौंडा कराहा तो शर्मा जी भी कंप्लेन कर देंगे,ले जाइए इसे
जी जी, चल बे गधे.. घर चल के फेसबुक पर ही रो फ़ीलिंग हार्ट ब्रेक विथ पप्पा एंड सेवेंटी टू अदर्स
Written by Aseem Tiwari




Post a Comment